रामपुर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत गांवों की बाजारों में सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। जिले के सभी छह विकास खंड क्षेत्र के दो-दो बाजारों का चयन किया गया है, जिन्हें शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। बाजारों में लाइटें लगाने का काम शीघ्र शुरू हो जाएगा।
उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपी नेडा) ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत गांवों की साप्ताहित बाजारों में सोलर लाइटें लगाने का प्लान तैयार किया है। शासन ने प्लान को मंजूरी दे दी है। वरिष्ठ परियोजना अधिकारी संजय ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में शाहबाद के रेबड़ी, किरा, सैदनगर के मुरसैना और अजीमनगर की साप्ताहिक बाजार में मुफ्त सोलर लाइटें लगाई जाएंगी।
इसी तरह स्वार ब्लॉक के मिलक खानम, रजानगर, बिलासपुर के डिबडिबा, मुल्लाखेड़ा, मिलक के भोनकपुर, जिवाई कदीम, चमरौआ के नौगंवा और चमरौवा की साप्ताहिक बाजार में सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। ये ऐसी बाजारे हैं, जहां देर रात तक दुकानदार और खरीदारी रहते हैं। इन बाजारों में लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। अंधेरा होने पर बाजारों में आने वाले लोगों को परेशानी होती है। लाइटों की देखभाल की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों की होगी।