मिलक। पेड़ों को काटने और भूमि पर कब्जे का प्रयास करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर मिलक पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी चौधरी महबूब अली ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कूप स्थित उनकी करीब 25 बीघा भूमि पर लगे तीन वर्ष पुराने यूकेलिप्टस के पेड़ों को 15 अप्रैल को कुछ लोग काट रहे थे। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पेड़ों का कटान रुकवाया।
आरोप है कि संभल जिले के थाना कंबोज क्षेत्र के हाजीवेडा निवासी लोकेंद्र सिंह, शाहबाद क्षेत्र के महेवा निवासी सत्यवीर, मिलक क्षेत्र के रेवड़ी कलां निवासी अनवर तथा उदयपुर निवासी आकिल खां, मसरूर खां और भूरा ने मिलकर पेड़ काटे। साथ ही भूमि पर पत्थर के पोल लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया।
महबूब अली का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ अभद्रता और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पहले कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। संवाद