रामपुर। जिले की ग्राम पंचायतों में रोड किनारे खाली पड़ी ग्राम सभा की जगहों पर शॉपिंग मॉल बनाए जाएंगे। मॉल में दुकानें बनाकर इनको किराये पर उठाया जाएगा। इससे ग्राम पंचायताें की आमदनी बढ़ेगी। इसके लिए ग्राम पंचायतों में जगह चिह्नित की जा रही हैं।
मिलक की ग्राम पंचायत धमोरा बरेली-मुरादाबाद हाईवे किनारे स्थित है। यहां पर हाईवे किनारे ग्राम सभा की जगह पर शॉपिंग मॉल बनाया जाएगा। एक करोड़ रुपये से इस शॉपिंग मॉल का निर्माण होगा। जिसमें 43 दुकानें बनाई जाएंगी। दुकानें बनने के बाद इनको किराये पर उठाया जाएगा। इसी प्रकार अन्य ग्राम पंचायतों में भी सड़क या हाईवे किनारे खाली पड़ी ग्राम सभा की जगह पर शॉपिंग मॉल बनाए जाएंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सड़क किनारे ग्राम सभा की जगह पर वातावरण और स्थिति को देखते हुए शॉपिंग मॉल का निर्माण कराया जाएगा। फिलहाल मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल ने प्रत्येक विकास खंड में कम से कम एक शॉपिंग माॅल बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कार्य योजना की तैयार की है।
ग्राम पंचायतों की बढ़ेगी आमदनी
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से शॉपिंग मॉल का निर्माण होगा। दुकानों के किराये से होने वाली आमदनी को ग्राम पंचायत निधि के खाते में जमा किया जाएगा। ऐसे में ग्राम पंचायतों की आमदनी बढ़ेगी। साथ ही लोगों को रोजगार मिलेगा।
लॉटरी के माध्यम से होगा दुकानों का आवंटन
प्रस्तावित मॉल में किराये के लिए दुकानों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से होगा। दुकान का आवंटन होने के बाद दुकानदारों को 3.5 लाख रुपये की सिक्योरिटी जमा करनी होगी।