केमरी। सुनारखेड़ा के जंगल में रविवार को एक शीशम का पेड़ कटा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची राजस्व विभाग, वन विभाग व सिंचाई विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण अपने खेतों में काम करने जा रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि एक खेत में शीशम का एक पेड़ कटा पड़ा है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस, वन विभाग व राजस्व विभाग को दी। सूचना पाकर पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। थोड़ी ही देर में सिंचाई विभाग व राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
टीम ने पेड़ को ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि रात के अंधेरे में कुछ लोग पेड़ काट रहे थे। सुबह ग्रामीणों को आता देख वह लोग मौके से भाग गए। वन विभाग के रेंजर संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं मिलक नायब तहसीलदार अंकित अवस्थी ने बताया कि फिलहाल पेड़ को ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया है। सोमवार को जगह की पैमाइश कराई जाएगी। उसके बाद पता लग सकेगा कि शीशम का पेड़ किस विभाग का है।
आम के पेड़ काटने में युवक पर रिपोर्ट
रामपुर। थाना गंज क्षेत्र के जुम्मा खां कॉलोनी निवासी नाहिद खां ने दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा कि वे उद्यान विभाग में प्रधान चौधरी के पद पर नियुक्त हैं। बताया कि उद्यान विभाग की कुछ जमीन खुशबू गार्डन के पीछे है जिसमें खेतीबाड़ी का कार्य होता है और कुछ आम के पेड़ हैं। आरोप लगाया कि अजीतपुर निवासी मुन्ना ठेकेदार तीन आम के पेड़ काटकर ले गया है। एसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद