शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के बंदार गांव निवासी युवक रविंद्र सागर (21) की अमृतसर में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल अमृतसर पहुंचे और शनिवार तड़के शव लेकर शाहबाद लौटे और युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बंदार गांव निवासी रविंद्र सागर अमृतसर में रहकर छोले-कुलछे का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार रात वह रोजाना की तरह काम समाप्त करने के बाद अपना ठेला बिजली के खंभे से जंजीर के सहारे बांध रहा था। इसी दौरान बिजली के खंभे में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे करंट से अलग किया। गंभीर हालत में उसे पास के एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अमृतसर के लिए रवाना हो गए। शनिवार तड़के परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव लेकर शाहबाद आ गए, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
छह माह बाद होनी थी युवक की शादी
- ग्रामीणों ने बताया कि युवक रविंद्र सागर का रिश्ता चतरपुर गांव के एक परिवार से तय हुआ था। नवंबर के महीने में शादी होनी थी। लेकिन उससे पहले युवक की मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं।