जिला कारागार में भी ईद की खुशियां धूमधाम से मनाई गईं। इस दौरान बंदियों से मिलने पहुंचे उनके अपनों की आंखे उस वक्त भर आईं जब वह ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे।
जिला कारागार में भी ईद का त्योहार खुशियों के बीच मनाया गया। बृहस्पतिवार की सुबह को जेल मे ही ईद की नमाज अदा कराई गई। यहां पर इसके बाद बंदियों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही यहां पर अफसरों से भी लोग ईद मिले। इसके बाद शुरू हुआ ईद मिलन का सिलसिला।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह से अपनों का इंतजार करने में लगे बंदियों के परिजनों ने मुलाकात करनी शुरू की। बंदियों के लिए उनके परिवार के लोग ईद के मौके पर बनने वाली सिवई लेकर पहुंचे थे। यहां पर दिन भर बंदियों से मिलने का सिलसिला जारी रहा। गले मिलकर जब लोगों ने जेल में बंद अपने लोगों से मिले तो उनकी आंखे भर आई। अपनों से मिलने के लिए लोगों को गर्मी में काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। जेल अधीक्षक केके सक्सेना ने बताया कि दिन भर में डेढ़ हजार से ज्यादा लोग बंदियों से मिलने पहुंचे। इन सभी को शांतिपूर्ण ढंग से मिलावाया गया।