रामपुर। शहीद-ए- आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम चल रही सीनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में सेवा क्रिकेट क्लब ने पायनियर क्रिकेट क्लब को 60 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। सेवा क्रिकेट क्लब केे रवि कुमार को मैन आफ द मैच घोषित किया गया।
लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने और क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए सीनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सोमवार को सेवा क्रिकेट क्लब और पायनियर क्रिकेट क्लब के मध्य पहला सेमीफाइनल मैच खेला गया। टास जीतकर सेवा क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जिसमें रवि कुमार ने शानदार 50 रन बनाए। नयन गुप्ता ने 16 रन व नावेद ने 29 रन बनाए। जबकि, शिवम ने 38 रन बनाए। सेवा क्रिकेट क्लब की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 146 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पायनियर क्रिकेट क्लब की पूरी टीम मात्र 86 रन बनाकर आउट हो गई। जिसमें गौरव ने मात्र छह रन, दानिश ने 11 रन और काशिफ ने 18 रन बनाए। पायनियर क्रिकेट क्लब के चार बल्लेबाज बगैर रन बनाए आउट हुए। अंपायर पवन कुमार और रोहित रहे। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल रामपुर क्रिकेेट क्लब और डीएम एकादश के मध्य खेला जाएगा। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार भी मौजूद रहे।