रामपुर। रामपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार से मौसम में बदलाव और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। गर्मी के कारण दिन में सड़कों पर भीड़ कम रही, जबकि जूस की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी।
रामपुर में न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस रहने से रातें भी गर्म रहीं। दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही। गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। अभिभावक स्कूल की छुट्टी के समय बच्चों को धूप से बचाने के लिए छाता, चश्मा और गमछा ओढ़ाकर ले जाते नजर आए।
मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार पूर्वानुमान में मंगलवार से मौसम करवट लेगा। अगले चार से पांच दिनों तक जिले में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आने का अनुमान है।
000
बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी के साथ बिजली खपत बढ़ गई है। जिले में प्रतिदिन करीब आठ मिलियन यूनिट खपत बढ़ी है, जिससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। शहरी क्षेत्र में दो से तीन घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच से छह घंटे की कटौती अलग-अलग समय पर हो रही है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
000
ट्रेनों में बढ़ी भीड़, गर्मी से यात्री बेहाल
दिल्ली, बरेली और लखनऊ जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को अधिकांश ट्रेनों के सामान्य कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। यात्री गैलरी और दरवाजों पर बैठकर सफर करते नजर आए। गर्मी से बचने के लिए कई यात्री सामान्य कोचों में अंडर शर्ट में बैठे दिखाई दिए।
000
नीबू और खीरे की खपत बढ़ी
गर्मी बढ़ने के साथ जिले में नीबू और खीरे की खपत में इजाफा हुआ है। मंडी के अनुसार पहले जहां जिले में करीब 30 टन नीबू बिकता था, वह बढ़कर 50 टन हो गया है। वहीं खीरे की खपत बढ़कर करीब 200 टन पहुंच गई है।