शाहबाद (रामपुर)। तीन मोहल्लों के जो दस जमाती बरेली गए थे। वो वहां से वापस आते समय ढकिया चौकी क्षेत्र के ओसी गांव की मस्जिद में रुके थे। इस बात की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जमातियों के संपर्क में आए सात लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया और इसके बाद इनको होम क्वारंटीन कर दिया गया।
ढकिया चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह को शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि शाहबाद के जो दस जमाती बरेली गए थे। बरेली से लौटकर आते समय एक रात के लिए ढकिया चौकी क्षेत्र के ओसी गांव की मस्जिद में रूके थे। जमातियों के ओसी की मस्जिद में रुकने का पता लगने पर चौकी प्रभारी ने पुलिस बल को साथ ले जाकर गांव में जांच पड़ताल की तो पता चला कि जो शाहबाद के जमाती मस्जिद में रूके थे। उनके संपर्क में ओसी के एक मौलवी सहित सात लोग आए थे। पुलिस ने मौलवी सहित ओसी के सभी सात लोगों को साथ ले जाकर शाहबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका चेकअप कराया। चेकअप के बाद पुलिस ने उपरोक्त सभी सात लोगों को उनके घर ले जाकर क्वारंटीन करते हुए घरों पर नोटिस चस्पा कर दिया। साथ ही प्रशासन ने जिस मस्जिद में जमाती रूके थे, उसको भी सैनिटाइज कराया।