रामपुर। विधानसभा उप चुनाव में लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो गई है। अंतिम दिन प्रत्याशियों की नाम वापसी का दिन था। इसके साथ ही प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किया गया। किसी को भिंडी, तो किसी को बाल्टी चिन्ह मिला। जबकि, राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को उनकी पार्टी का चिन्ह आवंटित किया गया।
सांसद आजम खां के इस्तीफा देने के बाद रामपुर विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी। इस पर चुनाव आयोग ने रिक्त सीटों पर भी चुनाव का एलान कर दिया था। रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 21 अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि 24 अक्तूबर को मतगणना होगी। इसके लिए 24 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरु हो गई थी, जिस पर 30 सितंबर नामांकन की अंतिम तिथि थी। एक अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच हुई, जिस पर तीन परचे खारिज कर दिए गए थे। इसके बाद सात प्रत्याशी रह गए थे। गुरुवार को नामांकन पत्र वापसी एवं चुनाव चिन्हों के आवंटन का दिन था। लिहाजा, किसी नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद एआरओ ने सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया। इसमें भाजपा के भारत भूषण गुप्ता को कमल का फूल, समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डॉ. तजीन फात्मा को साइकिल, कांग्रेस उम्मीदवार अरशद अली गुड्डू को हाथ एवं बसपा प्रत्याशी जुबैर मसूद खां को हाथी चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। इसके अलावा निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे जावेद को भिंडी, रितेश अग्रवाल को साइकिल पम्प एवं शीबा खान को बाल्टी चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। अब सभी प्रत्याशियों ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।