रामपुर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक प्रथम वर्ष की पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं गुरुवार को शुरु हुईं। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में परेशानी हुई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत इस बार उच्च कक्षाओं में परीक्षाएं सेमेस्टर के हिसाब से कराई जाएंगी। स्नातक प्रथम वर्ष से राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर दी गई है। पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं गुरुवार को जिलेभर में बनाए गए 21 परीक्षा केंद्रों पर शुरु हुईं। जिसके लिए 9789 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की तारीख का पता परीक्षार्थियों को दो दिन पहले ही चल पाया। जब परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन प्रवेश पत्र डाउन लोड करने चाहे तो वेबसाइट ही धड़ाम हो गई। जैसे-तैसे बुधवार की शाम से प्रवेश पत्र डाउन लोड हो पाए। प्रवेश पत्र डाउनलोड न होने के कारण परीक्षार्थी परेशान रहे। दूसरी ओर परीक्षा केंद्रों पर यूनिवर्सिटी ने परीक्षार्थियों का विवरण भी बुधवार देर शाम पहुंचा। जिससे सीटिंग प्लान लगाने में परीक्षा केंद्रों पर परेशानी उठानी पड़ी।