रामपुर। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को फसलों की सिंचाई करने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं कोई कमी होती भी है, तो तत्काल दूर कराया जाए। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई सिंचाई बंधु की बैठक में डीएम ने निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने नहरों की समुचित साफ-सफाई, नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने की समस्याओं का समाधान, नहरों के कुलावों पर बेहतर व्यवस्था और राजकीय नलकूपों के संचालन की स्थिति आदि की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता नलकूप को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के राजकीय नलकूपों के संचालन में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो नलकूप यांत्रिक एवं विद्युत दोष से खराब हैं, उन्हें तत्काल ही दुरुस्त करा लिया जाए। फसलों की सिंचाई के लिए किसी भी प्रकार की रुकावट उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा यह भी ध्यान दें कि अवैध रूप से गूलों का कटान नहीं होना चाहिए। इसके लिए सभी फील्ड में तैनात कर्मचारियों और जेई निरंतर भ्रमण करते रहें। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गूलों का सत्यापन कर लिया जाए, ताकि नहरों का पानी गुलों तक पहुंच सके। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता नहर खंड सियाराम और अधिशासी अभियंता नलकूप इमामुद्दीन रहमानी सहित बैठक से संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।