जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सपा बृहस्पतिवार को अपने प्रत्याशी
का एलान कर सकती है। नगर विकास मंत्री आजम खां बृहस्पतिवार को रामपुर में
होंगे। इस बात की पूरी संभावना है कि वो जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के
लिए पार्टी के नाम का एलान करेंगे।
वैसे इस मुद्दे को लेकर आजम खां संभावित
दावेदारों के साथ पिछले सप्ताह मीटिंग भी कर चुके हैं। जिला पंचायत
अध्यक्ष का चुनाव 7 जनवरी को होगा। इसके लिए नामांकन 1 जनवरी को दाखिल किए
जाएंगे। नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो चुकी है।
अभी तक अब्दुल सलाम
के समर्थक माने जाने वाले लाल सिंह के नाम पर नामांकन पत्र खरीदे गए हैं।
बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र खरीदने की आखिरी तिथि है। रामपुर में जिला
पंचायत अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
जिला पंचायत
सदस्यों का चुनाव संपन्न होने के बाद नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा था
कि इस बार सपा का जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा। उन्होंने 22 सदस्यों के
समर्थन का दावा भी किया गया था। आजम खां इसको लेकर कई दौर की मीटिंग
सदस्यों के साथ कर चुके हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष के संभावित दावेदारों के
साथ उनकी कई दौर की मीटिंग भी हो चुकी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नाम लगभग तय है। आजम खां इसको लेकर
संकेत भी दे चुके हैं। वो बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के
लिए सपा के प्रत्याशी का आधिकारिक रूप से एलान कर सकते हैं।