रामपुर। मसवासी में बुधवार सुबह मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर रेत से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में डंपर चालक को मामूली चोटें आईं।
यह हादसा खनन चेकपोस्ट के पास मसवासी चौराहे के निकट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज रफ्तार में था और अचानक अनियंत्रित हो गया। डंपर पलटते ही मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत डंपर में फंसे चालक को बाहर निकाला।
राहत की बात यह रही कि डंपर की चपेट में कोई अन्य व्यक्ति नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। डंपर पलटने से मार्ग पर कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित हुई। बाद में तीन हाइड्रा मशीनों की मदद से पलटे हुए डंपर को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।