रामपु्र। आपके खाने पीने की वस्तुओं में मिलावट का जहर घोला जा रहा है। तमाम कोशिशों के बाद भी मिलावट का धंधा रुक नहीं रहा है। मिलावट का आलम यह है कि पिछले नौ माह के भीतर 695 खाद्य पदार्थों के सैपल लिए गए, जिसमें से 115 सैंपल फेल हो गए। प्रशासन ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए 43.69 लाख रुपये का जुर्माना ठोका है। दूध से लेकर मसाले तक में मिलावट पाई गई है।
प्रशासन चाहें जितनी भी कोशिश कर ले,लेकिन चंद सिक्कों की खातिर मिलावटखोर आपकी जिदंगी से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। तमाम कोशिशों के बाद भी मिलावटखोर खाद्य पदार्थों में मिलावट का जहर घोलने से बाज नहीं आए,जिसकी वजह से लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है। हालत यह है कि दूध, दही, तेल व मसालों में लगातार मिलावट की जा रही है। इसके सेवन से लोगों की सेहत बिगड़ रही है,जिसकी वजह से लोग परेशान हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने की कोशिश की है। विभाग ने ताबड़तोड़ छापे मार कार्रवाई की है। चालू वित्त वर्ष में रामपुर में अब तक करीब 695 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए हैं,जिसमें 115 खाद्य पदार्थों के सैंपल की रिपोर्ट फेल हो गई। लैब की जांच में रिफाइंड, दूध, दही के साथ ही मिर्च मसालों के सैंपल फेल हो गए हैं। इनके खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया गया है। इस कार्रवाई से खलबली मच गई है।