ईद मिलादुन्नबी के जुलूस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों को सब्ज, सफेद, व लाल झालर से सजाया जा रहा है। मुस्लिम बहुल मुहल्लों में इस्लामी हरे झंडे लहराने लगे हैं। इस्लामी झंडों की सबसे ज्यादा डिमांड देखी जा रही है।
दो दिसंबर को पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब की यौमे पैदाइश का दिन है। उस दिन निकलने वाले जुलूस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दिन शहर में जगह-जगह जलूस निकाले जाएंगे। अजीतपुर, ज्वाला नगर, राम रहीम पुल, शौकत अली रोड, ईदगाह गेट, बाजार नसरुल्ला खां, पान दरीबा, किला, जामा मस्जिद रोड, घेर तोगा आदि मुहल्लों को रंग बिरंगी झालर व झंडे से सजाने की कवायद शुरू हो गई है। बाजार में इस्लामी झंडे की डिमांड बढ़ गई है। घरों की छतों से लेकर दुकानों पर हरे झंडे लगने लगे हैं।
शहर के बरेली गेट, ईदगाह गेट, किला पश्चिमी गेट, चौक मोहम्मद सईद खां, ज्वाला नगर आदि मोहल्ले हरे झंडों से सज गए हैं। जगह-जगह इस्लामी झंडे लहराने लगे हैं। पूरा माहौल ईद मिलादुन्नबी के जश्न में डूबने लगा है।