मदरसा आलिया (ओरियंटल कालेज) पर कब्जा कर आरपीएस (रामपुर पब्लिक स्कूल) की किड्स शाखा खोलने की गूंज शासन तक पहुंच गई है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव औलख ने भी पूरा मामला मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही है। इस बीच विरोधियों ने स्कूल के संचालक पूर्व मंत्री आजम खां को घेरते हुए कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने डीएम-एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की बात कही है।
शहर के मुहल्ला पान दरीबा स्थित ऐतिहासिक मदरसा आलिया ओरियंटल कालेज के भवन में पूर्व मंत्री आजम खां ने रामपुर पब्लिक स्कूल की किड्स जोन शाखा खोल दी, जिसका उद्घाटन भी कल कर दिया गया। शिक्षा विभाग के करोड़ों के इस भवन में रामपुर पब्लिक स्कूल खोलने की खबर लगते ही विरोधी भी सक्रिय हो गए हैं। अब यह मामला केंद्र व राज्य सरकार के पास तक पहुंच गया है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव औलख ने इस मुद्दे पर अपने-अपने स्तर से कार्रवाई कराने की बात कही है, वहीं दूसरी ओर स्वार टांडा के पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां ने इस मुद्दे को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की।
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए नवेद मियां ने आजम पर सरकारी भवन को कब्जाने का आरोप लगाते हुए इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। कहा कि आजम खां पहले भी कई जमीनों और भवनों पर कब्जा करते रहें हैं। उन्होंने इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग की है। डीएम शिव सहाय अवस्थी ने इस मामले में कार्रवाई का भरोसा नवेद मियां को दिलाया है।
दूसरी ओर अवाम-ए-एहले सुन्नत के सदर तंजीम मोहब्बे अली नईमी और जिला पंचायत सदस्य बिलाल अली ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर एसपी से मुलाकात की। साथ ही ज्ञापन सौंपा। कहा कि पूर्व मंत्री आजम खां ने ऐतिहासिक मदरसा आलिया के भवन पर कब्जा कर लिया। कहा कि मदरसा आलिया खोलते समय यह शर्त रखी गई थी कि यह कालेज कभी बंद नहीं होगा। सरकार इसका खर्च उठाएगी। उन्होंने इस मामले में कहा कि शासन के नियम कायदों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने इस मामले की जांच कराकर आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराने का भरोसा दिलाया है। कांग्रेसी नेता फैसल लाला ने भी पूर्व मंत्री पर निशाना साधा और इस भवन को कब्जा मुक्त कराकर यहां पर सरकारी स्कूल घोषित करने की मांग रखी। कहा कि इस मुद्दे को लेकर राज भवन में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।