दढ़ियाल। क्षेत्र के लोहर्रा फार्म गांव में मंडी समिति द्वारा बनाई जा रही 2700 मीटर लंबी सड़क में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर करीब दो बजे प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे डामर को रोकने के लिए ईंट का प्रयोग नहीं किया जा रहा है और बजरी की परत भी बेहद पतली है। उनका कहना है कि इस स्थिति में ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते ही सड़क टूट सकती है। उन्होंने बताया कि यह सड़क करीब 30 साल बाद बन रही है, लेकिन निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। खेतों की मिट्टी से भराव करने और सड़क किनारे के पेड़ काटने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
वहीं ठेकेदार उमेश का कहना है कि सड़क मंडी समिति के निर्देश पर बनाई जा रही है। इसकी पांच साल की मेंटेनेंस गारंटी है और 20 मिलीमीटर परत की मोटाई अनुमान के अनुसार मानकों पर खरी है।
प्रदर्शन में कैलाश देशवाल, टोनी, राजपाल सिंह, अशोक हुड्डा, संजय बीरेंद्र, जोगेंद्र, मनोज, सुमित, विशाल और सौरभ सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।