मसवासी। चेकिंग के दौरान बिजली विभाग की टीम से मारपीट की मामले में पुलिस ने तीन नामजद सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग में चालान किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
शनिवार की दोपहर एसडीओ सर्वेश कुमार के नेतृत्व में जेई सत्येंद्र पाल सिंह और स्वार जेई कमरूज्जमा आसिफ टीम के साथ चेकिंग अभियान में जुटे हुए थे। बताते हैं कि नगर के मोहल्ला रजा पार्क निवासी एक ग्रामीण पर बिजली का बकाया होने पर टीम उसके घर की लाइन काटने लगे। इससे गुस्साए परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर टीम से भिड़ गए। गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी गई। मामले की वीडियो भी वायरल हुई है। बमुश्किल टीम ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई थी।
दूसरी ओर परिवार की महिलाओं ने भी बिजली कर्मियों पर चेकिंग के बहाने घर में घुसकर अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के मसवासी जेई सत्येंद्र पाल सिंह की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मसवासी के मोहल्ला रजा पार्क निवासी नासिर, नादिर, रिजवान व एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने एवं लाठी-डंडों से हमला करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।