रामपुर। रविवार के बाद सोमवार को भी हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। लेकिन, जिले में कई जगह बारिश के कारण जलभराव की समस्या ने लोगों को परेशान किया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के साथ ही आने वाले दिनों में भी रोजाना बारिश के आसार हैं। लेकिन, बारिश के बाद उमस लोगों को बेहाल कर रही है। रात में उमस काफी बढ़ जाती है जो कि सुबह के वक्त कुछ कम होती है।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ था। उमस-गर्मी के एक साथ बढ़ने से लोग परेशान थे। लगातार बढ़ रही उमस-गर्मी के बीच रविवार सुबह को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। इसके बाद सोमवार को भी सुबह से दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे तो कभी हल्का आसमान साफ हुआ। लेकिन, दोपहर में बारिश हुई। बारिश अधिक देर तक और तेज तो नहीं हुई लेकिन, इससे मौसम में गर्मी की तपिश कम रही। जिससे लोगों को गर्मी की राहत मिली। लेकिन, बारिश के कारण आर्द्रता लगातार काफी अधिक बनी हुई है। सोमवार को भी आर्द्रता 90 फीसदी के आसपास बनी रही और देर शाम के बाद तो यह 90 फीसदी के पार तक चली गई। जिस कारण रात में उमस लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि सुबह के वक्त उमस में कुछ कमी आ जाती है। बारिश के कारण सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रह गया तो न्यूतनतम तापमान 27 डिग्री रहा। बारिश ने किसानों को भी कुछ राहत दी है, क्योंकि इन दिनों धान और मैंथा की फसलों को पानी की आवश्यकता है। किसान फसलों में खाद का छिड़काव कर रहे हैं। ऐसे में ये बारिश फसलों को काफी लाभ पहुंचाएगी। वहीं मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले सात दिनों तक बारिश के आसार हैं, जो कि लोगों को गर्मी से राहत और किसानों को सिंचाई के लिए डीजल इंजन से राहत प्रदान कर सकते हैं।
-