रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी कोरोना योद्धाओं और फ्रंडलाइन अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने दी। उन्होंने कहा कि उपमंडल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान फ्रंटलाइन में काम किया है, उन कोरोना योद्धाओं को ट्राफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एसडीएम ने बैठक की। इसमें सभी विभागों के अधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार 15 अगस्त कम समय और केंद्र सरकार के गाइडलाइन के मुताबिक किया जाएगा। कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के चलते स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के दौरान आवश्यक दूरी की पालना सुनिश्चित की जाएगी इसके अलावा भारत सरकार की ओर से जारी सभी दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। मुख्यातिथि 11 बजे झंडा फहराएंगे। इसके बाद राष्ट्रीय गान, मार्चपास्ट और मुख्यातिथि की ओर से भाषण देने के बाद कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया जाएगा। हालांकि, इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। बैठक में डीएसपी अभिमन्यु वर्मा, नायब तहसीलदार डीसी नेगी, नगर परिषद रामपुर अध्यक्ष सुमन घाघटा, खाद्य आपूर्ति निगम रामपुर के निरीक्षक धनवीर ठाकुर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरीश गुप्ता, सर्वहितकारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष तन्मय शर्मा, पदम स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवीण गुप्ता, कन्या स्कूल प्रधानाचार्य आरसी गुप्ता, अग्निशमन अधिकारी केशव नेगी, सीडीपीओ अजय बदरेल, एसडीओ बिजली बोर्ड प्रदीप नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।