रामपुर। रामपुर विकास प्राधिकरण को एक और सफलता मिली है। पहली टाउनशिप बसाने की तैयारियों के बीच आरडीए अब दूसरी टाउनशिप भी बसाएगा। 264 एकड़ में बनने वाली इस टाउनशिप पर 8.88 अरब रुपये का खर्चा आएगा। शासन ने जमीन खरीदने के लिए 3.34 अरब रुपये की व्यवस्था की है। जल्द ही इस परियोजना पर भी काम शुरू हो जाएगा।
रामपुर विकास प्राधिकरण की पहली टाउनशिप बसाने का काम तेजी से किया जा रहा है। पहली टाउनशिप बसाने के लिए इस वक्त जहां जमीनों को खरीदने का काम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर अब आरडीए दूसरी टाउनशिप बसाने की तैयारी कर रहा है। शहरी आवास योजना के तहत आरडीए की दूसरी टाउनशिप भी मौजूदा नैनीताल रोड पर ही बसाई जाएगी।
पहाड़ी और भमरौवा गांव के पास 264 एकड़ जमीन पर यह टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आरडीए की इस परियोजना को शासन ने हरी झंडी दे दी है। 8.88 अरब रुपये की लागत से तैयार होने वाली दूसरी टाउनशिप के लिए प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है।
शासन ने जमीन खरीदने के लिए 3.34 अरब रुपये की मंजूरी दी है। आउटर रिंग पर बसने वाली इस टाउनशिप के लिए सौ करोड़ रुपये जल्द ही रिलीज होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस टाउनशिप के लिए प्रशासन ने अपने स्तर से कवायद शुरू कर दी है।
आरडीए की दूसरी टाउनशिप पर नजर
- ग्राम पहाड़ी एवं भमरौआ में लगभग 264 एकड़ पर विकसित होगी दूसरी परियोजना
-8.88 अरब रुपये पूरी परियोजना पर होंगे खर्च
-भूमि क्रय किए जाने हेतु कुल 3.34 अरब रुपये रखे गए हैं।
-विकास कार्यों हेतु लगभग 555 करोड़ व्यय होना अनुमानित है।
यह रहेंगी सुविधाएं
आवासीय योजना में एक मिनी स्टेडियम, अस्पताल, विद्यालय स्थापित होंगे। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी के साथ-साथ एक पुलिस चौकी भी प्रस्तावित की गई है।
अगले माह शुरू होगी जमीन की खरीद
भमरौआ के 185 निजी गाटे व 46 सरकारी गाटे चिह्नित किए गए हैं। जमीन खरीद का काम अगले माह से शुरू होगा। आवासीय योजना में लगभग 2500 से 3000 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।
-
पहली परियोजना के तहत दूसरे दिन नहीं हो पाया कोई बैनामा
सर्वर डाउन होने की वजह से दूसरे दिन पहली टाउनशिप के लिए बैनामा नहीं हो सका। डीएम जोगिंदर सिंह ने बताया कि पहली परियोजना के लिए जमीन का बैनामा कराने काम शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को सर्वर डाउन था, जिसकी वजह से बैनामा नहीं हो सका। बैनामा कराने का काम बुधवार को होगा।
-आरडीए की टाउनशिप बसाने की दूसरी परियोजना को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर 8.88 अरब रुपये का खर्चा आएगा। मंजूरी के बाद अब प्रशासनिक स्तर से कवायद तेज कर दी गई है। जल्द ही इस टाउनशिप की भी लाॅन्चिंग की जाएगी। -जोगिंदर सिंह, डीएम एवं आरडीए उपाध्यक्ष