रामपुर। आरडीए (रामपुर विकास प्राधिकरण) की ओर से निर्माणाधीन भवन को सील किया गया है। यह भवन बिना नक्शा पास कराए ही बनाया जा रहा था। आरडीए ने सील भवन को सिविल लाइंस पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
मामला अजीतपुर स्थित बरेली बाईपास रोड का है। यहां बादाम सिंह निवासी मंदिर निकट शिव विहार की ओर से तीन हजार वर्ग मीटर भूमि में से पांच सौ वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि यह भवन बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही बनाया जा रहा था, जिसमें भूतल पर फ्रन्ट, सेटबैक में दुकान व कमरा का निर्माण कार्य किया गया है। आरडीए की टीम ने जायजा लिया, जहां निर्माण कार्य जारी मिला। अफसरों ने नक्शा मांगा, जिस पर कोई मानचित्र नहीं दिखाया गया है। इस पर आरडीए ने 11 जुलाई 2018 को कारण बताओ नोटिस तथा अनधिकृत निर्माण कार्य रोकने की नोटिस जारी कर दिया। सुनवाई के लिए 18 जुलाई 2018 की तिथि नियत की गई तथा प्रासंगिक स्थल पर बलपूर्वक निर्माण कार्य को रूकवाने के लिए सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कई बार रिमाइंडर भी भेजे गए, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। बादाम सिंह ने लगातार कार्य जारी रखा। ऐसे में मंगलवार को आरडीए की ओर से सीलबंदी की कार्रवाई की गई। इस मौके पर प्राधिकरण के अवर अभियंता हरिओम गुप्ता, रामकिशन सारस्वत, मेट, चपरासी तथा थाना सिविल लाइंस की पुलिस टीम मौजूद रही।