स्वार(रामपुर)। व्हाट्सएप पर मित्रता करने के बाद बुलंदशहर के एक युवक ने स्वार क्षेत्र की छात्रा को प्रेम जाल में फंसा लिया। बाद में शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। आरोप है कि अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया। इससेे अजीज आकर छात्रा ने युवक और उसके साथियों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया है।
प्रकरण स्वार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा का है। कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में छात्रा ने कहा है कि मोबाइल के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करती है। अपनी साथ पढ़ने वाली लड़कियों से अक्सर बात करती है। गत वर्ष उसके मोबाइल पर एक अनजान कॉल आई थी। कॉलर द्वारा बताया गया कि वह भी स्टूडेंट है और उसे जानता है। इसके बाद वह व्हाट्सएप पर भी चैटिंग होने लगा।
युवक ने पहले तो अपना नाम देव सैनी बताया था, लेकिन बाद में पता चला कि उसका असली नाम अनिल भाटी है और वह शादीनगर बनवुई उर्फ मौजपुरा निकट दौलतपुर जिला बुलंदशहर का रहने वाला है। छात्रा का कहना है कि उसने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद चैटिंग और बातचीत का सिलसिला बढ़ गया। छात्रा का आरोप है कि वह अपने एक साथी के साथ दो नवंबर 2020 को कार से आया और उसे बैठाकर घुमाने के बहाने दढ़ियाल मार्ग पर मुंशीगंज के पीछे गन्ने के खेत मे ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
आरोप है उसके साथी ने दुष्कर्म की वीडियो बनाई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर अक्सर दुष्कर्म करता रहा। जब शादी करने को कहा तो बहानेबाजी करने लगा। झांसे में आकर छली गई छात्रा ने अपने परिजन को घटना बताई, जिसके बाद आज कोतवाली पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल हरेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।