रामपुर में धमोरा ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार वाहन ने पुलिस के वज्र वाहन में टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही अशोक की मौत हो गई। हादसे में महिला कांस्टेबल आरती गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
रामपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने पुलिस के वज्र वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। शहजादनगर थाना क्षेत्र में धमोरा स्थित ओवरब्रिज के पास हुए हादसे में वज्र वाहन चला रहे सिपाही की मौके पर ही मौत जबकि साथ बैठी महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गईं।
विज्ञापन
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों पुलिसकर्मी उसमें फंस गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे सिपाही अशोक और महिला कांस्टेबल आरती को बाहर निकाला। अस्पताल पहुंचने पर सिपाही अशोक की मौत हो गई।
सिपाही अशोक (40) बुलंदशहर जिले के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव मऊ निवासी थे। वह वर्तमान में बरेली की परिवहन शाखा में तैनात थे। वह पत्नी प्रभा और छह वर्षीय बेटे आरव के साथ बरेली में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अशोक वज्र वाहन लेकर सरकारी काम से जयपुर गए थे।
विज्ञापन
शनिवार सुबह करीब छह बजे वह वाहन लेकर जयपुर से बरेली लौट रहे थे। धमोरा ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही सामने से आए वाहन ने वज्र वाहन को टक्कर मार दी। आमने-सामने हुई भिड़ंत में वज्र वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
भीषण टक्कर के बाद अशोक और आरती क्षतिग्रस्त वाहन में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किए। तब तक अशोक की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल आरती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। सिपाही की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। उधर, शहजादनगर पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।