मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग ने खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस घटना को आत्महत्या बता रही है, जबकि परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहल्ला बजरिया मुल्ला जरीफ निवासी 63 वर्षीय अब्दुल रहीम खां स्वास्थ्य विभाग से लैब टेक्नीशियन के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
वह सोमवार सुबह की सैर पर गए थे। किला परिसर में एलआईयू कार्यालय के पास उनका गोली लगा शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव के पास लाइसेंसी रिवाल्वर व सुसाइड नोट बरामद किया है। उनके बेटे शाह फैसल रहीम ने पिता की हत्या का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि मृतक के भांजे पर उनके कई करोड़ रुपये आ रहे थे। इसलिए इन लोगों ने उनके पिता की हत्या कर दी। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि बुजुर्ग ने खुद की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या की है। बेटे की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।