संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर काशंग और नेसंग के पास मंगलवार देर रात पहाड़ी दरक गई है। भारी भरकम चट्टानों के गिरने से एनएच-5 पर बार फिर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। आवाजाही बंद होने से जिले के हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार सुबह सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन के अवरुद्ध हुए मार्ग को बहाल करने में दोनों जगह पांच मशीनें और मजदूर लगा दिए हैं। राष्ट्रीय उच्च मार्ग बंद होने से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से पूह और काजा की तरफ पथ परिवहन निगम की बसों सहित अन्य सभी वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। लोग जान जोखिम में डालकर बाधित मार्ग से पैदल आवाजाही कर रहे हैं।
एचआरटीसी बसों को ट्रांसमिट कर यात्रियों को भेज रहा है। पथ परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी रिकांगपिओ खीमीराम ठाकुर ने कहा कि लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पूह-काजा की तरफ अवरुद्ध हुए मार्ग से बसों को ट्रांसमिट कर यात्रियाें की आवाजाही को सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में असुविधा न हो।
सीमा सड़क संगठन के ओसी पोवारी किन्नौर पीके सिंह ने कहा कि बाधित मार्ग को बहाल करने में मशीनों सहित मजदूर जुटे हुए हैं। अवरुद्ध मार्ग को खोलने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।