इंतजार की घड़ियां खत्म हो गईं। रविवार को आठ निकायों के 560 मतदान केंद्रों पर 4.36 लाख वोटर 1292 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। वोटिंग को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निकाय चुनाव के लिए पिछले एक माह से कवायद चल रही थी। शहर की सरकार का हिस्सा बनने के लिए 1292 प्रत्याशी दिन रात एक किए हुए थे। अब इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। अब वोटरों की बारी है। रविवार को रामपुर समेत आठ निकायों में चेयरमैन व सभासद पद के लिए वोटिंग होगी। वोटिंग को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। वोटिंग सुबह 7.30 बजे से शुरू होगी। जिले के आठ निकायों में 4.36 लाख वोटर 1292 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे, जिसमें रामपुर नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले 2.56 लाख वोटर वोटिंग करेंगे।
वोटिंग के लिए शनिवार को सभी पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। मतदान के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।