रामपुर के खौद चौराहे पर युवक ने चाय की दुकान पर चाय पी रहे एक साइकिल मिस्त्री अमीर अहमद (55) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। उसे बचाने आए चार अन्य लोगों पर भी हमलाकर उन्हें घायल कर दिया। आरोपी मौके से भाग निकला। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी राजेश द्विवेदी भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही साइकिल मिस्त्री की मौत हो गई थी। हमले में घायल शाकिर, गौरव सैनी, करन सिंह, राहत जान का उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर एसपी भी पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
आरोपी खौद निवासी वासिक उर्फ नन्हे को पुलिस तलाश रही है। आरोपी के पिता भूरा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतक अमीर अहमद के भाई जमील अहमद ने पिता-पुत्र के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप लगाया कि चाय विक्रेता पर उसके मजदूरी के रुपये आ रहे थे। रुपये मांगने पर उसके भाई अमीर को पिता-पुत्र धमकी देते थे। रंजिश के चलते ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साइकिल मिस्त्री पर दिनदहाड़े हमलाकर मौत के घाट उतारने और बचाव को आए चार लोगों पर चाकू से वार कर देने की घटना के बाद खौद चौराहे से लेकर अस्पताल तक भगदड़ मच गई। जिला अस्पताल में घायलों को दोपहर के वक्त लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
इस बीच खौद व काशीपुर आंगा गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पाकर एसपी राजेश द्विवेदी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों से घटना की पूरी जानकारी ली। साथ ही आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
दोपहर में खौद चौराहे पर एक युवक ने घटना को अंजाम दिया है। युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया गया है। साथ ही नशेड़़ी भी है। उसकी तलाश की जा रही है। पूरे मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - राजेश द्विवेदी, एसपी, रामपुर।