रामपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हुनर हाट, वोकल फॉर लोकल की थीम के साथ रामपुर के नुमाइश ग्राउंड में 18 से 27 दिसंबर तक लखनऊ के शिल्प ग्राम में 23 से 31 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।
नकवी ने दिल्ली से जारी बयान में कहा है कि रामपुर में 18 दिसंबर से आयोजित हो रहे हुनर हाट का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग मंत्री नितिन गडकरी और खादी और ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना करेंगे। लखनऊ में 23 जनवरी 2021 से आयोजित होने वाले हुनर हाट का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। नकवी ने कहा कि रामपुर एवं लखनऊ में आयोजित हो रहा हुनर हाट ई-प्लेटफार्म पर भी देश-विदेश के लोगों के लिए उपलब्ध रहेगा। जहां लोग सीधे दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों के स्वदेशी सामानों को देख एवं खरीद सकेंगे। नकवी ने कहा है कि रामपुर और लखनऊ में आयोजित हो रहे हुनर हाट में जहां एक ओर दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों के हस्तनिर्मित उत्पादन आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं हुनर हाट के बावर्चीखाने सेक्शन में देशभर के पारंपरिक व्यंजनों का भी लोग लुत्फ उठा सकेंगे। साथ ही हर दिन देश के अलग-अलग भागों के ‘जान भी जहान भी’ शीर्षक से गीत-संगीत के कार्यक्रम भी होंगे।