एक माह से जेल में बंद दढ़ियाल क्षेत्र के गैंगस्टर के आरोपी सालिम (28) की जिला कारागार में शनिवार को अचानक हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जेल प्रशासन का कहना है कि गैंगस्टर की मौत हार्ट अटैक से हुई है। मृतक का भाई जिला पंचायत सदस्य भी रहा है। दढ़ियाल निवासी सालिम हुसैन को टांडा पुलिस ने गैंगस्टर के एक मामले में 13 मई को जेल भेजा था। उस पर अवैध खनन से संबंधित कई मामले दर्ज थे।
तब से वह जेल में ही था। शनिवार की सुबह सालिम के सीने में दर्द उठा, जिस पर पहले उसे जेल के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान दोपहर के वक्त उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने गैंगस्टर के आरोपी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना की जानकारी सालिम के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
सालिम का बड़ा भाई जुल्फिकार हुसैन पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी रह चुका है। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि सालिम 13 मई से जेल में बंद था। उसकी मौत हार्ट अटैक से होना माना जा रहा है।
शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा कि उसकी मौत की क्या वजह रही है।