रामपुर। पंजाब के जिला पटियाला के थाना दुलका क्षेत्र के देवी नगर निवासी डंपर चालक हरप्रीत (45) की पिकअप से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद चालक समेत डंपर रामगंगा पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में डंपर चालक के गंभीर चोटें आई हैं। साथ में पिकअप सवार दो लोग भी घायल हो गए। शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे बरेली के शाही थाने के बसई गांव निवासी पिकअप सवार राधेश्याम और इरशाद शाहबाद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पंजाब के डंपर चालक हरप्रीत शाहबाद की ओर से रामपुर जा रहे थे। रामगंगा पुल पर पिकअप और डंपर की ओवरटेक करते समय टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्ती थी कि डंपर रेलिंग को तोड़ते हुए रामगंगा पुल से नीचे जा गिरा।
पिकअप में सवार दो लोग भी बुरी तरह से जख्मी हो गए और पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद रामगंगा पुल के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई, जिससे जाम की स्थिति बन गई। सूचना के बाद एसडीएम सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और नीचे डंपर में फंसे चालक को घायल अवस्था में निकालकर सीएचसी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं चिकित्सकों ने बताया कि ट्रक चालक की कई हड्डियां टूट गईं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पिकअप सवारों को भी जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
पहले भी पुल से नीचे गिर चुके हैं वाहन
शुक्रवार को पुल से डंपर गिरने की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले 16 जनवरी 2021 को पुल से नीचे ट्रक गिर गया था, जिसमें केमरी क्षेत्र के परविंदर घायल हुए थे और ट्रक में आग लग गई थी। इसके बाद 30 सितंबर को 2023 को बिलासपुर के भट्टी मोहल्ला निवासी अब्दुल हफीज का आलू से लदा ट्रक गिर गया था। गनीमत रही थी कि तब भी कोई हताहत नहीं हुआ था। शुक्रवार को भी डंपर जहां गिरा वहां नदी में पानी नहीं था।