फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur: ढाबे पर डंपर चालक की गोली मारकर हत्या, तीन नामजद समेत अन्य पर केस; मामूली विवाद के बाद हुई वारदात

Tue, 30 Jun 2026 11:08 AM IST
Vimal Sharma संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
रामपुर में डंपर चालक चंचल की गोली मारकर हत्या - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

रामपुर जिले के पटवाई थाना क्षेत्र के चंडिका गांव के पास शाहबाद रोड स्थित ढाबे पर सोमवार देर रात डंपर चालकों के बीच हुए विवाद में चंचल (25) उर्फ चंद्रपाल की गोली मार दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन


मदारपुर क्षेत्र के माजरा झंडूपुरा निवासी चंचल डंपर चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार रात वह शाहबाद रोड स्थित ढाबे पर मौजूद था। इसी दौरान वहां कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने चंचल पर हमला कर दिया। इसी बीच तमंचे से गोली चला दी गई जो उसके सिर में लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची पटवाई थाना पुलिस ने घायल चंचल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके पिता भारत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने योगेश, विनोद और मुनेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

परिजनों का आरोप है कि वारदात में तीन नामजद के अलावा कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी देवकी नंदन ने बताया कि पोस्टमार्टम में युवक की मौत सिर में गोली लगने से होने की पुष्टि हुई है।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी खंगाले जा रहे हैं।
विज्ञापन

घर का सहारा था चंचल
चंचल उर्फ चंद्रपाल परिवार का कमाने वाला सदस्य था। वह डंपर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। परिवार में पिता भारत सिंह और एक छोटा भाई हैं। पिता मजदूरी करते हैं। चंचल की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें