सुरक्षा के लिए डेढ़ हजार से अधिक जवान तैनात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शाहबाद कार्यक्रम को लेकर जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रामपुर से शाहबाद तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में करीब डेढ़ हजार से अधिक जवान लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए मंडल भर से एडीएम, एसडीएम और सीओ स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शाहबाद के साथ ही रामपुर-शाहबाद मार्ग, शाहबाद-बिलारी मार्ग और शाहबाद-आंवला मार्ग पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
अजीतपुर बाईपास से शाहबाद तक भारी वाहनों का संचालन बंद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को आगमन के दौरान पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। मंगलवार को शाहबाद रोड पर रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। अजीतपुर बाईपास से शाहबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों के गुजरने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्लान मंगलवार सुबह से लागू हो गया। तय कार्यक्रम के अनुसार रामपुर से शाहबाद होते हुए बिलारी की ओर जाने वाले वाहन शाहबाद बाईपास पुल के नीचे से मुरादाबाद होकर बिलारी की ओर जाएंगे। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि थाना पटवाई से शाहबाद की ओर जाने वाले वाहन पटवाई तिराहे से मिलक की ओर जाएंगे।
रेवड़ी कलां से शाहबाद की ओर जाने वाले वाहन चौकी रेवड़ी कलां से मिलक की ओर भेजे जाएंगे। आंवला-सिरौली की ओर से आने वाले वाहन शाहबाद चौराहे से सैफनी-बिलारी की ओर जाएंगे। अजीतपुर बाईपास से शाहबाद तक बड़े वाहनों के लिए मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि रूट डायवर्जन सुबह से ही लागू हो जाएगा। इसके लिए सभी यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जनसभा स्थल पर बसों, कारों और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।