रामपुर। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन जिले में शांति पूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए जुट गया है। रामपुर में विधानसभा चुनावों के लिए पांच विधानसभा क्षेत्रों को 25 जोन और 154 सेक्टर में बांटा गया है। जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच जोन रहेंगे जबकि सबसे अधिक 34 सेक्टर रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं।
जिले में 14 फरवरी को पांचों विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसके लिए जिले में 1123 मतदान केंद्रों पर 2058 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जिले में पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1703367 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें 905235 पुरुष और 797938 महिला मतदाता हैं जबकि, 194 अन्य मतदाता हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि विधानसभा चुनावों के लिए जिले को 25 जोन और 154 सेक्टर में बांटा गया है। जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच जोन होंगे। स्वार विधानसभा क्षेत्र में 33, चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में 28, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में 30, रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में 34 और मिलक विधानसभा क्षेत्र में 29 सेक्टर बनाए गए हैं। इन सभी सेक्टर के प्रभारी रविवार से ही उनके सेक्टर के बूथों पर चुनाव आयोग के अनुसार निर्धारित सभी मानकों और सुविधाओं को सुनिश्चित करेंगे।