टांडा के ग्राम रफातपुर निवासी कलुआ का शव पेड़ से लटके मिलने की सूचना के बाद भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पता लगाया जा रहा है कि कलुआ ने आत्महत्या की है या किसी ने उसकी हत्या की है।
टांडा क्षेत्र के ग्राम रफातपुर निवासी मजदूर का शव गांव के बाहर स्थित बाग में पेड़ से लटका मिलने पर भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मजदूर शनिवार शाम घर से टांडा जाने को कहकर निकला था। क्षेत्र के गांव रफातपुर निवासी मजदूर राम प्रसाद उर्फ कलुआ (45) शनिवार शाम करीब पांच बजे घर पर परिजनों से टांडा जाने को कहकर निकला था।
विज्ञापन
देर रात तक जब कलुआ घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसको गांव व रिश्तेदारी में तलाश किया। बहुत तलाश के बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार सुबह कलुआ की भाभी कृष्णा जब खेत पर जाने के लिए निकली तो उन्होंने खेत में मौजूद आम के बाग में पेड़ पर रस्सी से लटका कलुआ का शव देखा।
शव को देखते ही उसकी चीख निकल गई। चीख पुकार पर बाग में ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई। सूचना पर मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव रस्सी से बंधा हुआ था लेकिन जमीन से टिका हुआ था। पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन
बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के परिवार में पत्नी सावित्री देवी व तीन बेटियों तथा एक पुत्र है। मृतक के भाई श्याम लाल ने बताया कि गांव में परिवार से किसी से कोई रंजिश नहीं है। कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह पचौरी का कहना है कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।