रामपुर। रामपुर महोत्सव के तहत आयोजित की गई क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को फाइनल मैच खेला गया। फाइनल मुकाबला रामपुर क्रिकेट अकादमी और सेवा क्रिकेट क्लब के बीच हुआ, जिसमें रामपुर क्रिकेट अकादमी ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
शहीद ए आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुए फाइनल मुकाबले में सेवा क्रिकेट क्लब की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए करन की 55 रन की अर्द्धशतकीय पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 134 रन का लक्ष्य दिया। रामपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए सिद्धार्थ और गगनदीप ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रामपुर क्रिकेट अकादमी ने 20वें ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की। जिसमें रोहित ने शानदार 74 रन की पारी खेली। सेवा क्रिकेट क्लब की ओर से रवि चावला और खुर्रम ने एक-एक विकेट लिया। रोहित को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। विजेता व उपविजेता टीम को जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह, प्रिया, खुशबू, फहीम कुरैशी आदि मौजूद रहे।