इंडी एलायंस घमंडिया गठबंधन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडी एलायंस घमंडिया गठबंधन है। इनके नेता जेल में या फिर बेल पर हैं। इसके अलावा सरकार की योजनाओं के बारे में किसान, नौजवान, व्यापार और सुरक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए सरकार की उपलब्धि गिनाई। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अरविंद केजरीवाल और आजम खां सहित अन्य पर जमकर वार किए।
चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने के फैसले का स्वागत
जेपी नड्डा ने किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रामपुर की पुरानी तस्वीर याद है, जब बहू बेटी सुरक्षित नहीं थी। व्यापारी दुकान समय से पहले बंद कर देते थे।
कॉलेज जाने वाली छात्राओं के घर आने तक परिवार वाले डरते रहते थे। आज बेटियां बेखौफ होकर कॉलेज जा रहीं हैं। यह तस्वीर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण बदली है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत रामपुर आगे बढ़ रहा है।
भारत तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा
नड्डा ने कहा रामपुर में ज्वाला नगर में स्वनिधि गलियारा पूरे यूपी में एक नया रास्ता दिखाता है। हर गांव में पक्की सड़क और बिजली पहुंचाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति की संस्कृति का ढांचा बदल डाला है। पहले लोगों को बांट कर राजनीति की जाती थी।
आज सबका साथ, सबका विकास के रास्ते पर देश आगे बढ़ रहा है। आज भारत पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। 2024 के बाद 2027 में भारत तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट छह गुना बढ़ा है। हम जापान को पछाड़कर ऑटोमोबाइल में तीसरे नंबर पर है।
जनधन योजना के तहत 28 करोड़ बहनों के बैंक खाते खुले हैं। मोदी ने गांव, गरीब, युवा , दलित, आदिवासी, किसान, हर वर्ग की चिंता की। आज भारत की 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। 15 करोड़ उत्तर प्रदेश के बहन भाई भी इसका फायदा उठा रहे हैं।
25 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं। किसान सम्मान निधि 11 करोड़ 71 लाख किसानों को दो-दो हजार रुपये मिल रहा है। उप्र में दो करोड़ 50 लाख किसानों भी इससे लाभान्वित हो रहे हैं। उज्जवला योजना से 10 करोड़ महिलाओं को फायदा मिला है।
जल जीवन मिशन का 11.5 करोड़ लोग फायदा उठा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की 10 सिटी स्मार्ट सिटी बन गई हैं। गोरखपुर में एम्स बन रहा है। इसके अलावा 27 नए मेडिकल कॉलेज भी तैयार किए जा रहे हैं। देश भर में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है जो यूपी से होकर गुजर रहे हैं।