सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान ने सोमवार को नहर खंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें एक्सईएन समेत चार कर्मी निरीक्षण के समय कार्यालय पर मौजूद नहीं मिले। वहीं एक्सईएन ने क्षेत्र में होने की बात कही है, हालांकि सूचना पर वो भी कार्यालय पहुंच गए थे।
सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान दोपहर करीब साढ़े बारह बजे किला परिसर स्थित नहर खंड के कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान एक्सईएन सिंचाई नवीन कुमार के साथ ही एक जेई, हेड मुंशी और एक अन्य कर्मी गैरहाजिर मिले।
उपाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने कार्यालय पहुंचकर जब एक्सईएन से संपर्क किया तो उन्होंने सीडीओ के पास होने की बात बताई लेकिन, जब इसके बाद उन्होंने तुरंत ही सीडीओ से इस बाबत पूछा तो सीडीओ ने एक्सईएन के उनके पास होने की बात से इंकार कर दिया। उपाध्यक्ष का कहना है कि पूर्व में भी उनके निरीक्षण के दौरान एक्सईएन गैरहाजिर मिले थे।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की लिखित शिकायत आयुक्त से कर रहे हैं। जिससे इस प्रकार की लापरवाही न हो। इस दौरान उनके साथ भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान, सौराज सिंह, अनिल भारद्वाज, सत्यपाल सिंह भी मौजूद रहे।