फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: परिवार की खातिर छोड़ी पढ़ाई, महाराष्ट्र में तालाब में डूबकर मौत

Mon, 05 Oct 2026 01:41 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
धमोरा। शहजादनगर थाना क्षेत्र के रूपपुर मझरा निवासी प्रीतम सिंह (20) ने परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण 12वीं की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। घर की जिम्मेदारियों को समझते हुए वह परिवार का सहारा बनने के लिए मेहनत-मजदूरी करने लगा। बीते महीने रोजगार की तलाश में गांव के ही कुछ युवकों के साथ महाराष्ट्र चला गया था।
विज्ञापन

इस दौरान शुक्रवार सुबह प्रीतम अपने साथियों के साथ एक तालाब में नहाते समय अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। देखते ही देखते वह पानी के भीतर लापता हो गया।
मौके पर मौजूद उसके चचेरे भाई अर्जुन की नजर जब उस पर पड़ी तो उसने शोर मचाकर अन्य लोगों को मदद के लिए बुलाया। अचानक हुए हादसे से साथियों में अफरातफरी मच गई। सभी ने युवक को बचाने के लिए पानी में उतरकर काफी देर तक तलाश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसे बाहर निकालने में कामयाबी नहीं मिली।
विज्ञापन

इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव दल को बुलाकर अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार रात करीब 10 बजे प्रीतम का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। उसकी मौत की पुष्टि होते ही साथ गए युवकों में मातम छा गया। महाराष्ट्र पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
वहां की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर मृतक का पार्थिव शरीर साथियों को सौंप दिया गया। रविवार शाम युवक का शव घर पहुंचा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें