स्वार तहसील क्षेत्र के नया गांव में उत्तराखंड के पूर्व दर्जा राज्यमंत्री के फार्म हाउस पर अजगर घुसने से हड़कंप मच गया। जानकारी पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इधर, सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ लिया और उसे पीपली पड़ाव जंगल में जाकर छोड़ दिया।
सोमवार को नया गांव स्थित उत्तराखंड के पूर्व सिंचाई दर्जा राज्यमंत्री हरेंद्र सिंह लाडी के फार्म हाउस में 15 फीट लंबा अजगर घुस गया। अजगर ने किसी जानवर को शिकार बनाया हुआ था। जिसके कारण वह रेंग नहीं पा रहा था। फार्म हाउस पर अजगर घुस आने से परिजनोें में हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम फार्म हाउस पर पहुंच गई।
देखते ही देखते अजगर को देखने के लिये ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को मादा बताया और उसे ट्रैक्टर ट्राली में लादकर अपने साथ ले गई और पीपली पड़ाव के जंगल में ले जाकर उसे छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम में हरवंत सिंह, टीडी सेमवाल अमित जोशी, हरविंद सिंह, कपिल, वीर पाल आदि मौजूद रहे।