बसपाइयों ने शहर में अंडरग्राउंड बिजली की केबल बिछाने में बरती जा रही अनियमितता का आरोप लगाया। जांच कराने की मांग को लेकर अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
नगर विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी डा. तनवीर अहमद खां के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एडीएम से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। उसमें कहा कि शहर में अंडर ग्राउंड बिजली की केबल बिछाने का काम किया जा रहा है। लेकिन, केबल बिछाने में मानकों की अनदेखी की जा रही है। अभी तक सिर्फ गड्ढे खोदे जा रहे हैं उसमें भी लापरवाही बरती जा रही है।
आशंका जताई कि शहर में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ज्ञापन में जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मानक के मुताबिक केबल बिछवाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में महेश कुमार सागर, असवद खां, दिलदार खां, रफीक, फईम खां, मुजफ्फर शामिल थे।