रामपुर। केंद्र सरकार द्वारा दलहन की स्टॉक लिमिट करने के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से अनाज मंडी में मंगलवार को दुकानें बंद रखीं गईं। व्यापारियों ने अनाज मंडी में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने अन्याय पूर्ण और मनमाने ढंग से दलहन व्यापारियों के साथ द्वेष पूर्ण व्यवहार किया है। सरकार ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन कराकर दैनिक स्टॉक की घोषणा और साप्ताहिक भौतिक सत्यापन जैसे आदेश जारी कर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। अब दो जुलाई से स्टॉक लिमिट का आदेश कर दिया है जिससे दलहन व्यापारियों का उत्पीड़न होना तय है। सरकार के आदेश से दलहन व्यापारियों में रोष है। जिसको देखते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के कंधे से कंधा मिलाकर पूरे देश और प्रदेश में सभी गल्ला मंडियों की एक दिन की सांकेतिक बंदी के माध्यम से अपना विरोध प्रदर्शन दर्शाने का निर्णय लिया था। चेतावनी दी गई कि अगर सरकार ने दलहन स्टॉक लिमिट का तुगलकी फरमान वापस नहीं लिया तो आगे के विरोध की रणनीति बनाई जाएगी। अनाज मंडी के व्यापारियों के समर्थन में मिस्टन गंज स्थित अनाज मंडी के सभी व्यापारियों ने अपना व्यापार बंद रखा। धरना- प्रदर्शन करने वालों में अजय अरोड़ा, श्याम अग्रवाल, राम कुमार भाटिया, अजय अग्रवाल, शोएब मोहम्मद, शाहिद शमसी, हांरिश शमसी आदि मौजूद रहे।