रामपुर/शाहबाद/टांडा। मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। जिसमें फार्मासिस्टों ने शुक्रवार को दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शुरुआती दो घंटों में दवा लेने पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फार्मासिस्टों के विरोध प्रदर्शन के चलते मरीजों को चिकित्सकों को दिखाने के बाद भी दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा । कार्य बहिष्कार की वजह से औषधि वितरण कक्ष की खिड़की भी बंद रखी गई। जिसकी वजह से मरीजों को दवाई लेने के लिए इंतजार करना पड़ा।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन से जुड़े फार्मासिस्टों ने 9 दिसंबर से 16 दिसंबर तक मांगों का निस्तारण न होने पर दो घंटे कार्य बहिष्कार का एलान किया है। फार्मासिस्ट पदनाम व वेतनमान, प्रभार भत्ता, विशेष कार्यकारी फार्मेसी का पद नाम बदलकर सहायक निदेशक फार्मेसी किए जाने, चिकित्सकों की अनुपस्थिति में चिकित्सीय कार्य करने वाले फार्मासिस्टों को विधिक मान्यता देने समेत 20 मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन मांगों के निस्तारण को लेकर फार्मासिस्टों ने शुक्रवार को जिले भर में दो घंटे का कार्य बहिष्कार रखा।
शाहबाद में विभिन्न मांगों को लेकर लगातार फार्मासिस्टों का कार्य बहिष्कार जारी है। अब शुरुआती दो घंटे के कार्य बहिष्कार के साथ हड़ताल के साथ फार्मासिस्टों ने प्रदर्शन किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के तमाम फार्मासिस्ट अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर हैं। अब दो घंटे का कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। शुक्रवार को शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर फार्मासिस्ट एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन करने वालों में गिरिराज सिंह, रामजी पटेल, सरिता चौहान, तीरथ सिंह, प्रवेंद्र सिंह, यूएस नेगी, जुल्फिकार हुसैन, फिजा बी, आदिल आदि शामिल रहे।टांडा सीएचसी में भी फार्मासिस्टों ने दो घटे तक कार्य बहिष्कार किया जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।