शाहबाद।(रामपुर) । सात साल से फरार हिस्ट्रीशीटर साधु बनकर एक कुटिया में रह रहा था। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसको पकड़ लिया। पुलिस की गिरफ्त में आया हिस्ट्रीशीटर जनपद बदायूं से एक मामले में वारंटी भी पाया गया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर पुलिस अभी से सक्रिय है। एसपी अंकित मित्तल के निर्देश पर जिले भर में वांछितों की धरपकड़ को अभियान चल रहा है। जिसमें शाहबाद पुलिस ने सात साल से फरार एक हिस्ट्रीशीटर को कोतवाली क्षेत्र के नवीगंज गांव की रोड के किनारे बनी एक कुटिया से दबोच लिया। कोतवाल संजय तोमर के अनुसार हिस्ट्रीशीटर एक कुटिया में पुजारी बनकर रह रहा था। पुलिस ने गिरफ्त में आए हिस्ट्रीशीटर का नाम नरेश यादव बताया है। जिसने सात साल से थाने में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई थी। कोतवाल संजय तोमर ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर जनपद बदायूं के थाना बिसौली में दर्ज एक मामले में पिछले साढे़ पांच साल से वारंटी था। पुलिस ने शुक्रवार को इससे संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया है।