प्रशासन की ओर से स्वीकृत पट्टे से आ रहे रेत भरे वाहनों को ग्रामीणों ने रोक लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने रेत से भरे वाहनों को गांव के मार्ग से निकलने का विरोध करते हुए कई ट्रकों की हवा निकाल दी । पट्टे धारक की शिकायत पर देर रात पहुंचे एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों को समझा-बुझा कर मार्ग खुलवाया।
शासन ने तहसील क्षेत्र में एक खनन पट्टा स्वीकृत किया है। इस पर पट्टे धारक की ओर से खनन कार्य शुरू कर दिया गया है। मंगलवार रात्रि गांव टंडोला, मझरा एवज के ग्रामीण भारी संख्या में एकत्र हो गए और खनन क्षेत्र से रेत लेकर आ रहे डंपरों को रोक लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने कई ट्रकों के टायरों की हवा निकाल दी और पांच वाहनों की बैट्री निकालकर ले गए। ग्रामीणों द्वारा वाहन रोके जाने की सूचना पट्टा धारक को लगी तो हड़कंप मच गया ।
पट्टा धारक द्वारा सूचना देकर आलाधिकारियों को अवगत कराया गया, इस पर एसडीएम लालता प्रसाद शाक्य , पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल कुमार, कोतवाल राजेश तिवारी , तहसीलदार अशोक चौधरी, चौकी इंचार्ज इंद्रेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत कराकर वार्ता की। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन से भरकर आ रहे वाहन तेज गति से गांव से निकल रहे है जो हादसे का सबब बन रहे है। स्कूली बच्चों को स्कूल जाने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग पर पानी का छिड़काव भी नही किया जा रहा है, जिससे उड़ रही धूल ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर रखा है, जिस पर एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों की रखी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पट्टे धारक से ग्रामीणों द्वारा रखी गई शर्तो के अनुसार ही वाहन निकलने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीण सहमत हो गये ओर वाहनों का आवागमन पुन: रात्रि लगभग 1 बजे फिर शुरू हुआ । इस दौरान बलवीर सिंह, आले हसन, जुल्फिकार, अकबर अली , परवेज अली, जहीर हसन, नवाब अली, शमशाद, अनवर अली, लियाकत, शाहिद, अरमान , अमीर अहमद आदि भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे ।