भोट (रामपुर)। कृषि कानूनों के विरोध में कोयला टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने 98 वें दिन गुरुवार को भी धरना जारी रखा। इस दौरान धरने में बैठे कार्यकर्ताओं ने कानून वापसी की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आगामी पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाली किसान महापंचायत को सफल बनाने की अपील भी की गई।
कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता पिछले 98 दिनों से नेशनल हाईवे में कोयला टोल प्लाजा में बेमियादी धरने पर बैठे हैं। मंडल उपाध्यक्ष मोहम्मद तालिब ने कहा की केंद्र सरकार तानाशाही छोड़कर देश के किसान एवं मजदूरों से माफी मांगे और बिना शर्त काले कानून वापस लेकर एमएसपी पर कानून बनाकर किसानों को राहत दे। किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को आधिकारिक रूप से शहीद का दर्जा देते हुए उनके परिजनों को मुआवजा दे। केंद्र एवं प्रदेश सरकार को देश के किसान अब सबक सिखा कर रहेगा। किसान अपनी लड़ाई में जीत हासिल कर ही घर वापसी करेगा तथा जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं लिए जाते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने में बिलासपुर तहसील अध्यक्ष इरफान हसन, छिद्दा अली, तौकीर अहमद, अब्दुल मुस्तफा, अकील अहमद, शाकिर अली, अनीस अहमद, दिलशाद, शकील अहमद, सतनाम, सतपाल आदि मौजूद रहे।