फेसबुक पर शहर काजी के बारे में जामा मस्जिद और कमेटी से जानकारी मांगना शहर के एक अधिवक्ता को भारी पड़ गया। इसके विरोध में लोग भड़क गए और गांधी समाधि पर प्रदर्शन कर धरना दिया। साथ ही जाम लगा दिया। इनकी मांग अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की थी। बाद में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर जाकर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। पुलिस ने अधिवक्ता के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला दर्ज कर लिया है।
मुस्लिम और सामाजिक संगठनों के साथ समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग खुर्मेवाली जियारत पर एकत्र हुए। इसके बाद अधिवक्ता जुल्फिकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांधी समाधि पर पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। गुस्साए लोगों ने गांधी समाधि के सामने रोड जाम कर दिया। उनका आरोप था कि डा. ताज मोहम्मद के भाई अधिवक्ता जुल्फिकार अली खां ने शहर काजी पर गलत टिप्पणी की है।
अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। जाम की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। इस मौके पर सभासद जियाउर्रहमान बाबू, गुलवेज खां, फैसल मुमताज, फिरोज खां, आकिल खां, नाजिम खां, सज्जन खां, नवाब अली, रजाउर्रहमान गुड्डू, शकील खां, मोनी खां, शाहिद खां, इंतजार खां, जावेद खा, आरिफ खां, आसिम खां, जीशान खां, फरमान खां, इमरान खां, संजय सैनी, असद अली, फुरकान खां, शाहिद खां, हसन खां, भूरा खां, कासिम खां, इदरीस खां, खुशनूद खां मौजूद थे।