रामपुर। दो पासपोर्ट मामले में सजा काट रहे सपा नेता अब्दुल्ला आजम खां की सजा बढ़ाने संबंधी अपील पर मंगलवार को सुनवाई हुई। इस दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से बहस शुरू कर दी गई। अभियोजन की बहस अभी जारी है। मामले की अगली सुनवाई अब 14 मई को होगी।
दो पासपोर्ट मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने पूर्व में अब्दुल्ला आजम खां को सात साल की कैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इससे पहले दो पैन कार्ड मामले में भी अब्दुल्ला आजम और उनके पिता आजम खां को सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी।
दोनों मामलों में बचाव पक्ष की ओर से एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में अपील दायर की गई है। वहीं अभियोजन पक्ष ने भी दोनों मामलों में सजा बढ़ाने की मांग करते हुए अपील दाखिल की है।
मंगलवार को पासपोर्ट मामले में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अपनी बहस शुरू की। एडीजीसी सीमा राणा ने बताया कि अभियोजन की बहस जारी है और अब मामले की सुनवाई 14 मई को होगी।