रामपुर। शहर में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में कराए गए मरम्मत और रखरखाव के काम के चलते कई मोहल्लों की बिजली घंटों गुल रही। अजीतपुर उपकेंद्र, सिविल लाइंस के अलावा पान दरीबा तक कई मोहल्लों में सप्लाई प्रभावित रहने से पानी की समस्या भी हो गई। लोगों ने जैसे-तैसे काम चलाया। चार घंटे के बाद मोहल्लों में बिजली सुचारू हो सकी।
अजीतपुर उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली लाइनों के आसपास आ रहीं पेड़ों की शाखाओं की छंटाई का काम कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से काम के दौरान संबंधित फीडर को बंद रखा गया। फीडर बंद होने से साईं विहार, लक्ष्मी नगर, राम विहार, भाजपा कार्यालय और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। सुबह से ही बिजली बंद होने के कारण लोगों को घरेलू कामकाज निपटाने में परेशानी हुई। वहीं, सिविल लाइंस क्षेत्र में बिजली लाइन से सटी पेड़ों की टहनियों को हटाने के साथ ही अंडरसाइज जंफर और खराब इंसुलेटर बदलने का काम किया गया। इसके लिए सुबह 10 बजे से फीडर बंद रखा गया।
विभाग की ओर से दोपहर दो बजे तक काम पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था। इस दौरान फैजुल्ला नगर और मोदी सोसाइटी समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इन इलाकों से जुड़े पान दरीबा, घेर सखी, मजार चुपशाह मियां, कूंचा लाल मियां, एफसी रोड, अब्बास मार्केट, चरक वाली मस्जिद और मस्जिद कुरैशियान, साईं विहार, लक्ष्मी नगर, राम विहार, भाजपा कार्यालय क्षेत्र, फैजुल्ला नगर, मोदी सोसाइटी, पान दरीबा, घेर सखी, मजार चुपशाह मियां, कूंचा लाल मियां, एफसी रोड, अब्बास मार्केट, चरक वाली मस्जिद और मस्जिद कुरैशियान में करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। सुबह के समय बिजली नहीं होने से घरों में पानी भरने से लेकर अन्य जरूरी काम प्रभावित हुए।
बता दें कि बिजली लाइनों के आसपास बढ़ चुकी पेड़ों की शाखाएं कई बार आपूर्ति में बाधा का कारण बनती हैं। हवा चलने या बारिश के दौरान शाखाओं के तारों से टकराने से आपूर्ति बाधित होने का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए विभाग की ओर से कई क्षेत्रों में पेड़ों की छंटाई का काम कराया जा रहा है। इसके लिए काम के दौरान संबंधित फीडर बंद करना पड़ता है।
खराब उपकरणों को बदलने का भी काम
सिविल लाइंस में पेड़ों की छंटाई के साथ अंडरसाइज जंफर और क्षतिग्रस्त इंसुलेटर बदलने का काम भी किया गया। बिजली लाइन के उपकरणों में खराबी आने पर आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका रहती है। विभाग की ओर से ऐसे उपकरणों को बदलकर आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम कराया गया।
वर्जन
बिजली संबंधी कार्य किया जा रहा था। इसलिए बिजली सप्लाई बंद थी। काम पूरा होने के बाद बिजली सप्लाई को सुचारू करा दिया गया है। अब मोहल्लों में बिजली सप्लाई आ रही है।
-पीके शर्मा, एक्सईएन प्रथम, बिजली विभाग